भाठागांव इलाके के एक घर में दिखा दोमुंहा सांप, लोगों में मचा कौतूहल; विषहीन और शांत स्वभाव का होता है रेड सैंड बोआ
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप मिलने से लोगों में कौतूहल का माहौल बन गया। घर में सांप दिखाई देने की सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया। सांप को बिना कोई नुकसान पहुंचाए उसके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। रेड सैंड बोआ को आमतौर पर दोमुंहा या बिल खोदू सांप के नाम से जाना जाता है। इसकी पूंछ देखने में सिर जैसी दिखाई देती है, जिसके कारण लोगों को इसके दो सिर होने का भ्रम होता है। हालांकि, वास्तव में इस सांप का केवल एक ही सिर होता है। इसकी अनोखी बनावट इसे दूसरे सांपों से अलग पहचान देती है।
यह सांप विषहीन और सामान्यतः शांत स्वभाव का होता है। यह चूहों और छोटे जीवों को खाकर उनकी आबादी नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस तरह यह कृषि और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में भी मददगार साबित होता है। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रकृति में इसकी मौजूदगी पारिस्थितिक संतुलन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। वहीं, अंधविश्वास और अवैध वन्यजीव तस्करी के कारण रेड सैंड बोआ की प्रजाति को खतरा बना रहता है। ऐसे में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनका संरक्षण करना बेहद जरूरी है। रेस्क्यू टीम की तत्परता से सांप को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में पहुंचा दिया गया।
