संविधान दिवस पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. भीमराव अम्बेडकर को किया गया नमन

Follow Us

रायपुर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर संविधान निर्माण और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि संविधान गौरव दिवस डॉ. भीमराव अम्बेडकर और संविधान सभा के सभी मनीषियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम की विचारधारा का आधार है।

कर्मवीर सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को व्यवहार में उतारने के लिए पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एक संगठन के कार्यकर्ता के रूप में संविधान के मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। संविधान जहां नागरिकों को अधिकार प्रदान करता है, वहीं राष्ट्र के प्रति मौलिक कर्तव्यों का बोध भी कराता है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, भाजपा नेत्री श्वेता शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।