स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, गर्म डस्ट गिरने से 5 मजदूर झुलसे, 75 प्रतिशत तक जला शरीर

Follow Us

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित करणी कृपा पावर स्टील प्लांट में भट्टी की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गर्म डस्ट अचानक मजदूरों के ऊपर गिरने से पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का शरीर 35 से 75 प्रतिशत तक जल गया है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रायपुर रेफर किया गया है, जहां एक निजी अस्पताल की बर्न यूनिट में उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा 24 नवंबर की रात ग्राम खैरझिटी-कौंवाझर के बीच स्थित करणी कृपा पावर स्टील प्लांट का बताया जा रहा है। हादसे के दौरान पांच मजदूर औद्योगिक भट्टी की सफाई कर रहे थे। इसी बीच भट्टी में जमा गर्म डस्ट अचानक उनके ऊपर गिर गया। डस्ट पूरी तरह ठंडा नहीं हुआ था, जिससे मजदूर उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

किसी का 75 तो किसी का 35 प्रतिशत तक जला शरीर
हादसे में झुलसे मजदूरों की पहचान मिथिलेश्वर, लाल सिंह, राजकुमार, भागवत और हेमंत के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार मिथिलेश्वर 75 प्रतिशत, लाल सिंह 45 प्रतिशत, राजकुमार 35 प्रतिशत, भागवत 55 प्रतिशत और हेमंत 60 प्रतिशत तक झुलसे हैं। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को रायपुर भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।

जन्मदिन पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी 6.63 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, तखतपुर और कोटा में किया भूमिपूजन

पहले भी हो चुके हैं हादसे, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बताया जा रहा है कि प्लांट की औद्योगिक भट्टी में गर्म डस्ट की चपेट में आने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। पिछले तीन-चार वर्षों के दौरान इस तरह के कई हादसे होने और इनमें मजदूरों की मौत होने की जानकारी भी सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच के दायरे में सुरक्षा इंतजाम
भट्टी की सफाई जैसे जोखिम भरे काम के दौरान औद्योगिक सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी होता है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि सफाई शुरू करने से पहले गर्म डस्ट का तापमान जांचा गया था या नहीं। साथ ही मजदूरों को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा था या नहीं।

घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन और औद्योगिक सुरक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।