राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अनुशासनहीनता और लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई की है। एसपी ने अलग-अलग आदेश जारी कर तीन आरक्षकों और एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीन आरक्षकों पर पुलिस अभिरक्षा से दो आरोपियों के फरार होने के मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है, जबकि एएसआई के खिलाफ रुपये के लेनदेन से संबंधित शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई की गई है।
पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए दो आरोपी
पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, लूट के एक मामले में पुलिस ने 25 नवंबर को विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। अपराध स्वीकार करने के बाद दोनों को थाने में रखा गया था। इसी दौरान दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए।
दोनों आरोपियों की निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को सौंपी गई थी। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान तीनों आरक्षकों ने गंभीर लापरवाही बरती, जिसके चलते आरोपी फरार होने में सफल रहे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने तीनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, गर्म डस्ट गिरने से 5 मजदूर झुलसे, 75 प्रतिशत तक जला शरीर
रुपये के लेनदेन की शिकायत पर एएसआई निलंबित
दूसरी कार्रवाई बोरतलाव थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक गोकुल सोनकर के खिलाफ की गई है। उनके विरुद्ध रुपये के लेनदेन को लेकर एसपी से शिकायत की गई थी। शिकायत की जांच कराए जाने के बाद एसपी ने उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी किया। पुलिस विभाग की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि ड्यूटी में लापरवाही और पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
