छत्तीसगढ़ की रामनामी समुदाय पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘राम-नामी’ को राष्ट्रीय पुरस्कार, राष्ट्रपति के हाथों मिला सम्मान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ के अद्वितीय रामनामी समुदाय की आस्था, परंपरा और विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी के कर-कमलों से यह सम्मान प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि पर प्रदेश में हर्ष का माहौल है। कहा गया कि रामनाम ही जिनका धर्म है, रामभक्ति ही जिनका कर्म, ऐसे पवित्र रामनामी समुदाय के लोगों के तन पर अंकित ‘राम’ केवल अक्षर नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही अटूट आस्था, साधना और समर्पण की पहचान हैं।‘राम-नामी’ डॉक्यूमेंट्री ने इस अनूठी सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाकर छत्तीसगढ़ की लोक आस्था और संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है। यह सम्मान हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी प्रेरणादायी है।फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और पूरी टीम को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।