दुर्ग। रामदेव बाबा जयंती के पावन अवसर पर दुर्ग शहर में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत भव्य शोभायात्रा एवं रैली निकाली गई। रामदेव बाबा मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा गंजपारा, शनिचरी बाजार, गांधी चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः रामदेव बाबा मंदिर पहुंची।
भव्य शोभायात्रा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा शामिल हुए। उनके साथ राजकुमार पाली, नंदू मोहबिया, मो. सफी खान (गोलू), राकेश यादव, राहुल अग्रवाल, शरीफ खान, इन्द्रपाल भाटिया, हरीश साहू एवं सुधीर चंदेल भी शोभायात्रा में सहभागी बने। सभी ने श्रद्धालुओं और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ शहर का भ्रमण किया तथा रामदेव बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त की।
शोभायात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं नागरिकों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में भक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में शामिल होकर रामदेव बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर अरुण वोरा ने सभी श्रद्धालुओं को रामदेव बाबा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।


