०धान खरीदी की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश
कोण्डागांव । कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागवार निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डाटा एंट्री ऑपरेटर की व्यवस्था, धान उपार्जन केंद्रों के कर्मचारियों का प्रशिक्षण, बफर लिमिट निर्धारण एवं पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता सहित किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश खाद्य विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के पंजीयन की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिला अस्पताल में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सब स्टेशन, महाविद्यालय भवन, आंगनबाड़ी भवन निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, विद्युतीकरण तथा सड़क निर्माण सहित विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में वनमण्डलाधिकारी चुड़ामणि सिंह सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
