गुजराती रंग में रंगा कंगना रनौत का शाही अंदाज, रंगीन साड़ी और पारंपरिक गहनों ने खींचा ध्यान

Follow Us

मुंबई। एक्ट्रेस कंगना रनौत ने अपने पारंपरिक अंदाज से एक बार फिर फैशन प्रेमियों का ध्यान खींचा है। 2 नवंबर को अहमदाबाद से साझा की गई तस्वीरों में वह गुजराती संस्कृति से प्रेरित भव्य साड़ी में नजर आईं। गहरे रंगों, आकर्षक कढ़ाई और पारंपरिक आभूषणों से सजे उनके इस लुक में उत्सवी रंगों के साथ शाही ठाठ भी दिखाई दिया।

कंगना की बहुरंगी साड़ी में नेवी ब्लू, हरे और गहरे लाल जैसे रंगों का खूबसूरत मेल था। पारंपरिक डिजाइनों और सजावटी बॉर्डर के साथ लगे मोतियों के लटकन ने साड़ी की खूबसूरती बढ़ाई। उन्होंने इसके साथ भारी कढ़ाई वाला ब्लाउज पहना, जिस पर धागे, मोतियों और शीशे का बारीक काम किया गया था। इस पहनावे के साथ उनका पारंपरिक गहनों का चुनाव भी खास रहा। गले में सुनहरे रंग का मोतियों से सजा चोकर, मैचिंग झुमके, चूड़ियां और सोने के कड़े उनके लुक को और भव्य बना रहे थे।

अपने पूरे लुक को संतुलित रखने के लिए कंगना ने मेकअप हल्का रखा। माथे पर छोटी काली बिंदी, वार्म टोन आई मेकअप और न्यूड लिपस्टिक उनके पारंपरिक अंदाज के साथ जंच रही थी। उन्होंने बालों को बीच से बांटकर जूड़े में संवारा और उसमें ताजे फूल लगाए। कंगना का यह पहनावा गुजराती पारंपरिक फैशन से प्रेरित उत्सवी लुक के लिए एक खूबसूरत उदाहरण बना, जिसमें रंगों, कढ़ाई और आभूषणों का तालमेल देखने को मिला।