नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर तनाव: खड़का गांव में दो परिवारों का सामान घर से बाहर निकाला, भारी पुलिस बल तैनात

Follow Us

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। भरण्डा गांव के बाद अब खड़का गांव में आदिवासी समुदाय और धर्मांतरित परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। विवाद बढ़ने पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, खड़का गांव में ईसाई धर्म अपनाने वाले दो परिवारों पर गांव छोड़ने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने उनके घरों से सामान बाहर निकाल दिया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

ग्रामीणों का कहना है कि धर्मांतरण कर चुके परिवारों को गांव के सामाजिक आयोजनों में अन्य ग्रामीणों की तरह चंदा देना चाहिए और आदिवासी देवी-देवताओं व पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करना चाहिए। वहीं, प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे साल में एक बार सामाजिक चंदा देने को तैयार हैं, लेकिन अपने धार्मिक विश्वासों के विपरीत पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल नहीं होंगे।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि हाल ही में भरण्डा गांव में भी 26 धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने का दबाव बनाए जाने का मामला सामने आया था। उस घटना के बाद यह दूसरा मामला है, जिसने क्षेत्र में धर्मांतरण और सामाजिक विवाद को लेकर चिंता बढ़ा दी है।