कोरिया। छत्तीसगढ़ के चर्चित नौगई ट्रिपल मर्डर केस को लेकर जूदेव परिवार के सदस्य एवं भाजपा नेता विक्रमादित्य सिंह जूदेव बैकुंठपुर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद विक्रमादित्य सिंह जूदेव ने कहा कि इस जघन्य घटना से पूरा क्षत्रिय समाज आहत और शोकाकुल है। उन्होंने मामले की CBI जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की मांग भी उठाई और कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई से ही अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज न्याय की अपेक्षा कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह जूदेव ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कड़े बयान भी दिए। उनके इन बयानों पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

