बलौदाबाजार। एक महिला शिक्षिका की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शिक्षिका ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद कमरे से मिले सुसाइड नोट और दीवार पर लिखे संदेश ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। मृतिका ने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर एक युवक को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतिका जिले के एक शासकीय विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। वह बलौदा बाजार में किराए के मकान में रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान पड़ोस में रहने वाले अभिषेक कुमार जायसवाल से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध शुरू हो गया। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती के साथ लंबे समय तक संबंध बनाए। इस दौरान शिक्षिका गर्भवती भी हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने अपने वादे से पीछे हटना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक युवक द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार किए जाने से शिक्षिका गहरे तनाव में चली गई थी। 22 जून को उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में मृतिका ने अपनी मौत के लिए अभिषेक जायसवाल को जिम्मेदार बताया है। इतना ही नहीं, कमरे की दीवार पर भी अंग्रेजी में आरोपी का नाम लिखकर उसे अपनी मौत का कारण बताया गया था। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
