महासमुंद में स्वच्छता दीदियों का प्रदर्शन, मिशन क्लीन सिटी प्रभारी पर लगाए दुर्व्यवहार के आरोप

Follow Us

महासमुंद। महासमुंद नगर पालिका की स्वच्छता दीदियों ने मिशन क्लीन सिटी के प्रभारी नवशाद बक्श के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियां अपनी शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभारी को पद से हटाने की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि प्रभारी द्वारा उनके साथ आए दिन अभद्र व्यवहार किया जाता है। छुट्टी की जरूरत होने पर कथित तौर पर दुर्व्यवहार और अपमान का सामना करना पड़ता है। स्वच्छता दीदियों का कहना है कि काम के दौरान किसी परेशानी की जानकारी देने पर उसका समाधान करने के बजाय उन्हें धमकाया जाता है और नौकरी से निकालने की बात कही जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के निर्धारित कार्य के अलावा उनसे अतिरिक्त काम कराया जाता है। महिलाओं के मुताबिक, आठ घंटे की ड्यूटी के बजाय 10 से 12 घंटे तक काम लिया जाता है और अतिरिक्त काम से इनकार करने पर एक दिन का वेतन काटने की चेतावनी दी जाती है।

स्वच्छता दीदियों ने प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि जब तक मिशन क्लीन सिटी प्रभारी को हटाने की कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी। इधर, नगरपालिका के सीएमओ ने स्वच्छता दीदियों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। सीएमओ का कहना है कि महिलाओं की मांगों और शिकायतों को लेकर पहले ही चर्चा की जा चुकी है तथा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। मणिकंचन केंद्र में कैमरे लगाए जाने के सवाल पर सीएमओ ने बताया कि स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा के लिए कैमरे लगाए गए हैं और इसे लेकर लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं। फिलहाल मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच चुका है और स्वच्छता दीदियां अपनी मांग पर कायम हैं। अब देखना होगा कि नगरपालिका प्रशासन शिकायतों की जांच के बाद क्या कदम उठाता है।