चलित थाना के माध्यम से गांव-गांव पहुंच रही बस्तर फाइटर भर्ती की जानकारी, युवाओं से संवाद कर रही पुलिस

Follow Us

बीजापुर। बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती-2026 में अंदरूनी और दूरस्थ इलाकों के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बीजापुर पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत चलित थाना के जरिए गांवों तक पहुंचकर युवाओं को भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी जा रही हैं। पुलिस अधिकारी और जवान युवाओं से सीधे बातचीत कर आवेदन प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों के बारे में समझा रहे हैं।

पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नेटवर्क और संचार सुविधाओं की कमी के चलते कोई भी योग्य युवा भर्ती की जानकारी से अनजान न रहे। दूरस्थ क्षेत्रों में कई बार महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर नहीं पहुंच पातीं। ऐसे में पुलिस गांवों तक पहुंचकर व्यक्तिगत संवाद के जरिए युवाओं को भर्ती के प्रति जागरूक कर रही है।

बस्तर फाइटर भर्ती के आवेदन फॉर्म जिले के सभी थानों, पुलिस चौकियों, अनुविभागीय कार्यालयों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। भरे हुए आवेदन फॉर्म अनुविभागीय कार्यालयों या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी थाना, अनुविभागीय कार्यालय या पुलिस अधीक्षक कार्यालय बीजापुर से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा इन कार्यालयों में भर्ती से जुड़ी जानकारी वाले फ्लैक्स भी लगाए गए हैं। बीजापुर पुलिस की इस पहल से दूरस्थ गांवों के युवाओं को बस्तर फाइटर भर्ती-2026 में शामिल होने का अवसर और जरूरी मार्गदर्शन मिल रहा है।