रायपुर।आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य सरकारके 1 मई से 10 जून 2026 तक प्रस्तावित “सुशासन तिहार” को पूरी तरह से दिखावा करार दिया है। पिछले साल भी सरकार ने सुशासन त्यौहार मनाया था और इसी महीने सरकार ने 1 से 15 अप्रैल तक प्रदेश के हर जिले में समस्याओं के निराकरण के लिए शिविर लगाए, लेकिन इन शिविरों में आम जनता द्वारा दिए गए हजारों आवेदन आज तक लंबित पड़े हैं। सरकार जवाब दे कि पिछले साल सुशासन तिहार में प्रदेश से कुल कितने आवेदन आये और कितने आवेदनों का निराकरण हुआ? साय सरकार निठल्ली सरकार है जनता की तकलीफोँ से इन्हें कुछ भी लेना देना नहीं है।
देवलाल नरेटी ने आरोप लगाया कि सरकार ने बड़े-बड़े दावे कर जनता को राहत देने की बात कही थी, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी मूलभूत समस्याओं—पानी, बिजली, सड़क, राशन और पेंशन जैसी जरूरी मांगों को लेकर शिविरों में पहुंचे थे, उम्मीद थी कि तत्काल समाधान मिलेगा, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा, “सरकार सिर्फ प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट में लगी है। सुशासन तिहार के नाम पर जनता को भ्रमित किया गया, जबकि असल में यह सिर्फ कागजी औपचारिकता बनकर रह गया है।” अगर सरकार वास्तव में राज्य में सुशासन चाहती है तो उसे आम जनता की मूलभूत समस्यायों का समाधान करना पड़ेगा।
नरेटी ने आगे कहा कि यदि सरकार सच में जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर होती, तो इन आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करती। लेकिन ऐसा न होने से साफ है कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से फेल हो चुका है। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लंबित आवेदनों का निराकरण नहीं किया गया, तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी और जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। सुशासन तिहार को लेकर सरकार जहां अपनी पीठ थपथपा रही है, वहीं विपक्ष इसे पूरी तरह असफल और जनता के साथ छलावा बता रहा है। अब देखना होगा कि सरकार इन आरोपों पर क्या जवाब देती है और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाती है।
