नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले का शंखनाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रामकुंड में ध्वजारोहण कर की शुरुआत

Follow Us

नासिक। महाराष्ट्र में नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के बीच शनिवार को धार्मिक कार्यक्रम के साथ आयोजन का औपचारिक शुभारंभ हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गोदावरी नदी के तट पर स्थित रामकुंड में विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद धार्मिक ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने रामकुंड में पूजा-अर्चना कर कुंभ मेले के सफल आयोजन की कामना की। इसके बाद उन्होंने धार्मिक ध्वज फहराकर सिंहस्थ कुंभ मेले की शुरुआत से जुड़े समारोह को संपन्न किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धार्मिक प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

त्र्यंबकेश्वर में मुख्यमंत्री फडणवीस ने किया ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने त्र्यंबकेश्वर में आयोजित समानांतर कार्यक्रम में दोपहर 12 बजकर 2 मिनट पर पारंपरिक ध्वज फहराया। इस कार्यक्रम के साथ नासिक और त्र्यंबकेश्वर दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सिंहस्थ कुंभ मेले से जुड़े आयोजन शुरू हुए।

शुक्रवार को निकली महाध्वज ग्राम परिक्रमा
इससे पहले शुक्रवार को ‘सिंहस्थ कुंभ मेला महाध्वज ग्राम परिक्रमा’ का आयोजन किया गया। परिक्रमा की शुरुआत तपोवन मैदान से हुई। संतों-महंतों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में यह यात्रा रामतीर्थ पंचवटी से होते हुए रामकुंड पहुंचकर संपन्न हुई।नासिक और त्र्यंबकेश्वर में आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है। देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद के बीच प्रशासन और धार्मिक संस्थाएं आयोजन की तैयारियों में जुटी हैं।