जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां जादू-टोना के शक में दो सगे भाइयों ने एक युवक की हत्या कर दी। यह घटना दरभा थाना क्षेत्र के पखनार गांव की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मंगलू मंडावी के रूप में हुई है। गांव में रहने वाले दो भाई- आयतू और सुखराम मड़कामी-को शक था कि, वह जादू-टोना करता है। इसी अंधविश्वास के चलते दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
घटना उस समय हुई जब मंगलू अपने घर के पास आम के पेड़ के नीचे बैठा था। तभी दोनों आरोपी वहां पहुंचे और शराब के नशे में उससे विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे मंगलू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेजा। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। यह मामला एक बार फिर अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को उजागर करता है, जहां शक और अफवाह ने एक निर्दोष की जान ले ली।
