पनीर से भरें आलू और दें तंदूरी ट्विस्ट, संडे स्नैक में ट्राई करें स्वादिष्ट स्टफ्ड पोटैटो

Follow Us

नई दिल्ली। रविवार का दिन परिवार के साथ समय बिताने और कुछ स्वादिष्ट खाने के लिए खास होता है। अगर बारिश के मौसम में कुछ चटपटा और अलग खाने का मन हो, तो बाहर से स्नैक मंगाने के बजाय घर पर तंदूरी स्टफ्ड पोटैटो बनाया जा सकता है। पनीर की स्वादिष्ट स्टफिंग और तंदूरी फ्लेवर वाला यह स्नैक हरी चटनी के साथ और भी स्वादिष्ट लगता है।

ऐसे तैयार करें पनीर की स्टफिंग
सबसे पहले करीब 200 ग्राम पनीर को कद्दूकस कर लें। इसमें 2 बड़े चम्मच बारीक कटे काजू, 2 बारीक कटी हरी मिर्च और 2 बड़े चम्मच कटा हरा धनिया डालें। इसके बाद आधा छोटा चम्मच चाट मसाला, एक चौथाई छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला और आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर मिलाएं। स्वादानुसार नमक डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स कर लें।

आलू को करें स्टफ
अब 4 बड़े आलू धोकर छील लें और अच्छी तरह सुखा लें। गोल चम्मच या फल निकालने वाले छोटे गोल चम्मच की मदद से आलू को अंदर से खोखला करें। ध्यान रखें कि आलू का निचला हिस्सा साबुत रहे। इसके बाद आलू को गरम तेल में डालकर हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक डीप फ्राई करें। फिर इन्हें निकालकर थोड़ी देर ठंडा होने दें।ठंडे होने के बाद तैयार पनीर की स्टफिंग को आलू के अंदर अच्छी तरह भरें। स्टफिंग को हल्के हाथ से दबाकर भरें, ताकि पकाते समय वह बाहर न निकले।

तंदूरी मैरिनेशन से आएगा खास स्वाद
मैरिनेशन के लिए आधा कप गाढ़ा दही लें। इसमें 2 बड़े चम्मच भुना बेसन, 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर और आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर डालें। इसमें 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस और स्वादानुसार नमक मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें।तैयार मैरिनेशन को स्टफ किए हुए आलू की बाहरी सतह पर चारों तरफ अच्छी तरह लगाएं। इसके बाद आलू को ग्रिल या एयर फ्रायर में तब तक पकाएं, जब तक बाहर से तंदूरी रंग और हल्का कुरकुरापन दिखाई देने लगे।

हरी चटनी के साथ करें सर्व
तैयार तंदूरी स्टफ्ड पोटैटो को बीच से काटकर प्लेट में सजाएं। ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और हरा धनिया डाल सकते हैं। इसे हरी चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें। बाहर से कुरकुरे और अंदर से पनीर की स्टफिंग वाले ये आलू रविवार की शाम के लिए एक स्वादिष्ट स्नैक बन सकते हैं।