AIIMS डॉक्टर ने दिल्ली के प्रदूषण पर दी खौफनाक चेतावनी , हैरान हूं कि हम जिंदा हैं, यह हवा इंसानों के रहने लायक नहीं’

Follow Us

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की आबोहवा सांस लेने लायक नहीं बची है और प्रदूषण के भयावह आंकड़ों ने आम जनता से लेकर चिकित्सा विशेषज्ञों तक की नींद उड़ा दी है। चांदनी चौक और तालकटोरा गार्डन सहित शहर के कई संवेदनशील इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के खतरनाक आंकड़े को छू रहा है। इसी बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के ताजा आंकड़ों ने खुलासा किया है कि प्रतिबंधों और पाबंदियों के दावों के बावजूद राजधानी में दीपावली पर करीब 300 करोड़ रुपये के पटाखे जला दिए गए। दिल्ली की इस दमघोंटू स्थिति पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के वरिष्ठ चिकित्सकों ने अत्यंत गंभीर चेतावनी जारी करते हुए दो टूक कहा है कि वर्तमान हवा इंसानों के जीवित रहने के लायक ही नहीं रह गई है

हर सांस के साथ अंदर जा रहा जहर, एम्स के डॉक्टर बोले- जिंदगी आसान नहीं होने वाली
दिल्ली की भयावह स्थिति पर चिंता जताते हुए एम्स के पल्मोनोलॉजी विभाग के डॉक्टर विजय हड्डा ने कहा कि जो एक्यूआई कभी तीन अंकों में दर्ज होता था, वह अब कई जगहों पर चार अंकों तक की सीमा में दिखने लगा है। आज पूरी दुनिया में जब सबसे प्रदूषित शहर की बात होती है, तो दिल्ली का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने हैरानगी जताते हुए कहा कि इंसान एक मिनट में औसतन 20 बार सांस लेता है और हर बार में आधा लीटर हवा फेफड़ों तक जाती है; ऐसे में पूरे दिन में जहरीली हवा और केमिकल्स की कितनी बड़ी मात्रा हमारे शरीर में जा रही होगी, इसका अंदाजा लगाना भी रूह कंपाने वाला है। डॉक्टर हड्डा ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह खुद हैरान हैं कि ऐसी हवा में लोग जीवित कैसे हैं, क्योंकि यह वातावरण इंसानी फेफड़ों और जीवन के अनुकूल बिल्कुल नहीं है।

गले में खराश, आंखों में जलन तो शुरुआती लक्षण; अंगों पर दूरगामी असर का असली खतरा
चिकित्सा विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि पिछले कुछ दिनों से सांस लेते वक्त महसूस होने वाली भारी हवा, गले का लगातार सूखना, बार-बार गला साफ करने की तलब, नाक बंद होना, आंखों में चुभन और लगातार पानी आना केवल तात्कालिक प्रभाव हैं। सबसे बड़ा जोखिम उन जहरीली गैसों और अति सूक्ष्म कणों (PM 2.5) से है, जो फेफड़ों से होते हुए सीधे रक्तप्रवाह में मिलकर दिल, दिमाग, किडनी और शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों को धीरे-धीरे छलनी कर रहे हैं। आने वाले समय में सांस और हृदय रोगियों के अलावा स्वस्थ लोगों में भी इसके गंभीर और जानलेवा दीर्घकालिक परिणाम सामने आएंगे।

प्रतिबंध बेअसर, राजधानी में बिके 300 करोड़ के पटाखे; पिछले साल से 30% अधिक बिक्री
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में इस बार दिवाली के अवसर पर 300 करोड़ रुपये से अधिक के पटाखों की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई है। व्यापारियों के अनुसार, पटाखों की मांग में पिछले वर्ष की तुलना में 30 प्रतिशत से अधिक का भारी उछाल देखने को मिला और अधिकांश दुकानों पर त्योहार से एक दिन पहले ही पूरा स्टॉक खत्म हो गया था। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के निगरानी केंद्रों की रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के 26 केंद्रों में से 19 पर ध्वनि प्रदूषण का स्तर पिछले साल से अधिक रहा, वहीं दिवाली और उसके अगले दिन की सुबह दर्ज किया गया वायु प्रदूषण का स्तर पिछले चार वर्षों के मुकाबले अपने उच्चतम स्तर पर रहा।

24 स्टेशनों पर स्थिति ‘बहुत खराब’, पूसा में 385 पहुंचा AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत एक्यूआई 299 के करीब बना हुआ है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे कहीं अधिक चिंताजनक है। दिल्ली-एनसीआर के कुल 59 निगरानी स्टेशनों में से 24 केंद्रों पर हवा ‘बहुत खराब’ यानी 300 के पार दर्ज की गई है, जबकि 31 स्टेशनों पर यह ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। पूरी राजधानी में सिर्फ दिल्ली कैंट और श्री अरबिंदो मार्ग ही सामान्य श्रेणी के दायरे में रहे, जबकि पूसा में एक्यूआई 385 के गंभीर स्तर तक पहुंच गया। शहर के अधिकांश रिहायशी और व्यापारिक क्षेत्रों में जहरीली धुंध की मोटी चादर पसरी हुई है, जिससे लोगों के लिए खुली हवा में सांस लेना सजा बन चुका है।