सर्जरी के दौरान सोनू निगम ने गाया मोहम्मद रफ़ी का गाना, ऑपरेशन थिएटर से शेयर किया वीडियो

Follow Us

मुंबई। मशहूर गायक सोनू निगम ने अपनी सर्जरी के दौरान भी संगीत के प्रति अपने जुनून की झलक दिखाई। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें वह डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के लिए मोहम्मद रफ़ी का मशहूर गाना ‘सुहानी रात ढल चुकी, न जाने तुम कब आओगे’ गाते नजर आए। वीडियो के कैप्शन में सोनू निगम ने लिखा कि यह उनकी सर्जरी के दौरान डॉक्टर और उनकी टीम के लिए अचानक की गई परफॉर्मेंस थी। उन्होंने इसे “दर्द में गाना… संगीत की खुशी” बताया। वीडियो सामने आने के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने सोनू निगम के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हालांकि, उनकी सर्जरी किस वजह से हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

इससे पहले जून में सोनू निगम ने अपनी सेहत को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया था कि वह नसों से जुड़ी एक दर्दनाक समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि इसके इलाज के दौरान कई MRI और CT स्कैन कराए गए और वह दवाइयां भी ले रहे थे। सोनू ने यह भी बताया था कि नसों पर दबाव पड़ने की वजह से उन्हें गले के आसपास भारीपन महसूस हो रहा था और फिजियोथेरेपी उनके लिए काफी दर्दनाक रही। दर्द के बीच ऑपरेशन थिएटर में गाना गाते सोनू निगम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है और फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।