कवर्धा । कबीरधाम जिले में मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और फिरौती वसूलने के मामले में भोरमदेव पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जंगल में तीन व्यापारियों को घेरकर उनसे नगदी और मोबाइल फोन लूटे थे। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी और अलग-अलग किश्तों में बैंक खाते में 90 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर कराए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नगद सहित कुल 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
० मवेशी लेकर जा रहे व्यापारियों को बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, घटना 2 नवंबर 2026 की है। ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथी गुनु धुर्वे और शिव प्रसाद के साथ खरीदे गए नौ मवेशियों को बेचने के लिए ग्राम सारसडोल, थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे। रात करीब 9 बजे चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास मवेशियों के साथ विश्राम के दौरान ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने तीनों व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने कुलेश्वर विश्वकर्मा से 10 हजार रुपये और मोबाइल फोन, शिव प्रसाद से 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन तथा गुनु धुर्वे से 20 हजार रुपये नगद लूट लिए। लूटपाट के बाद तीनों व्यापारियों को अपने कब्जे में लेकर ग्राम केसदा की ओर ले गए और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। आरोपियों ने दबाव बनाकर अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलने के बाद तीनों व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ दिया।
० तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पीडि़त कुलेश्वर विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर 8 नवंबर को थाना भोरमदेव में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने व्यापारियों के बयान दर्ज किए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर चारों की घटना में संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर लूट की रकम, घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।
० दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल सहित 1.42 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी कामू बैगा के कब्जे से 89 हजार रुपये के बैंक ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट और 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया। चंदन सिंह धुर्वे से 10 हजार रुपये नगद, 6 हजार रुपये का मोबाइल और 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई। इसी तरह महेश धुर्वे से 5 हजार रुपये नगद, एक हजार रुपये का मोबाइल और 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद हुई। आरोपी सुरेश धुर्वे के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 25 हजार रुपये नगद, 47 हजार रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन और 70 हजार रुपये कीमत की दो मोटरसाइकिल सहित 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इसके अलावा बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89 हजार रुपये के लेनदेन का स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया।
