राहुल गांधी को BJP विधायक पुरंदर मिश्रा की बहस की चुनौती, बोले- पहले मुझसे मुकाबला कर लें

Follow Us

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट की चुनौती देने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर छत्तीसगढ़ में सियासी हमला तेज हो गया है। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें ‘दिमागी नक्सली’ करार दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने राहुल गांधी को बहस की चुनौती देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री से बहस करने से पहले भाजपा के किसी छोटे कार्यकर्ता या उनसे ही मुकाबला कर लें।विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पप्पू भाई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपको दिमागी नक्सली नहीं कहा है, बल्कि आपने अपनी विक्षिप्त मानसिकता खुद जाहिर की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मनोभाव में नक्सली सोच दिखाई देती है, इसलिए उन्हें दिमागी नक्सली कहा जा सकता है।

‘पहले मुझसे कर लें बहस’
भाजपा विधायक ने राहुल गांधी की प्रधानमंत्री को दी गई चुनौती पर तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी से बहस करने की बात करने से पहले उन्हें भाजपा के किसी छोटे कार्यकर्ता या उनसे खुद बहस कर लेनी चाहिए।

क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के अवसर पर बस्तर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जवानों के साथ दीपावली मनाई और नक्सलवाद के खिलाफ जारी लड़ाई का जिक्र किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा था कि हथियारबंद माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है, लेकिन नक्सलवाद का खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि ‘दिमागी नक्सली’ राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों में घुसपैठ कर संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने दी थी प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती
प्रधानमंत्री के इस बयान पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया था। उन्होंने नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा था कि इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए कि देशद्रोही कौन है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है।अब राहुल गांधी की इस चुनौती पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के बयान ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है।