धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थियों को यातायात शाखा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें यातायात व्यवस्था संभालने, दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में यातायात पुलिस की भूमिका के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को ब्रेथ एनालाइजर, स्पीड जांच उपकरण, बैरिकेड, रिफ्लेक्टिव जैकेट और ट्रैफिक कोन समेत विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली भी समझाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल से दूरी बनाए रखने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने की सलाह दी। ट्रैफिक सिग्नल और सड़क पार करने के दौरान जेब्रा क्रॉसिंग के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है और नियमों का पालन करके हादसों की संभावना कम की जा सकती है। विद्यार्थियों ने यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली, वाहन जांच और नियम तोड़ने पर होने वाली कार्रवाई को लेकर सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, स्कूल के शिक्षक, प्रधान आरक्षक चमन सिंह ठाकुर, आरक्षक देव गजेंद्र, राजीव साहू, बालमुकुंद और उमेश दीवान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। धमतरी पुलिस के अनुसार, सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों व युवाओं को कानून, सुरक्षा और यातायात अनुशासन के प्रति जागरूक करने की गतिविधियां लगातार जारी हैं।
