मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। वैश्विक तनाव में कमी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रुपये की मजबूती से निवेशकों का भरोसा बढ़ा, जिसका असर बाजार पर साफ दिखाई दिया। सोमवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 600 से ज्यादा अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी में करीब 200 अंकों की बढ़त दर्ज की गई। इस तेजी के चलते शेयर बाजार में निवेशकों की कुल संपत्ति में लगभग रु. 4.76 लाख करोड़ का इजाफा हुआ।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सकारात्मक माहौल बना है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारतीय अर्थव्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है, जिससे निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। सेंसेक्स के ज्यादातर शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। आईटी और एविएशन सेक्टर के शेयरों में खास तेजी रही। इंफोसिस, इंडिगो, एचसीएल टेक, टीसीएस और टेक महिंद्रा जैसी कंपनियों के शेयरों में मजबूत बढ़त दर्ज की गई। बाजार में आई इस तेजी को निवेशकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों में सुधार और मजबूत घरेलू संकेतों से आने वाले दिनों में भी बाजार की दिशा तय हो सकती है।
