नई दिल्ली। जिम्बाब्वे दौरे पर भारत की 3-0 से शानदार टी-20 सीरीज जीत के बाद पूर्व क्रिकेटर और एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को भारतीय टीम का फुल-टाइम हेड कोच बनाने की मांग तेज हो गई है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर को आराम दिए जाने पर लक्ष्मण ने टीम की कमान संभाली थी और उनकी अगुवाई में भारत ने मेजबान टीम का क्लीन स्वीप किया।
सीरीज जीतने के बाद लक्ष्मण ने सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों के जज्बे और कठिन दौर से उबरकर शानदार प्रदर्शन की सराहना की। इसके बाद बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने उनके पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें स्थायी हेड कोच बनाए जाने की मांग की।
हालांकि गौतम गंभीर आगामी अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट के लिए टीम के साथ लौटेंगे, लेकिन हाल के कुछ निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में जिम्बाब्वे दौरे पर टीम के सकारात्मक प्रदर्शन और खिलाड़ियों के तनावमुक्त माहौल ने लक्ष्मण की कोचिंग शैली की भी चर्चा बढ़ा दी है।
वीवीएस लक्ष्मण ने 16 वर्षों तक भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और राहुल द्रविड़ के हेड कोच बनने के बाद उन्होंने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCA) की जिम्मेदारी संभाली। अब जिम्बाब्वे दौरे की सफलता के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें टीम इंडिया का स्थायी हेड कोच बनाए जाने की मांग जोर पकड़ रही है।
