जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला अब सनसनीखेज हत्या में बदल गया है। शुरुआत में इसे करंट लगने से हुई दुर्घटना बताया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस कहानी को पूरी तरह झूठा साबित कर दिया। जांच में खुलासा हुआ कि महिला की मौत हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी,और आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसका पति ही निकला।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महेंद्र कुमार मिरि ने अपनी पत्नी ललिता मिरि की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी शक ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया।हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए बाथरूम में बाल्टी और इमर्शन रॉड का इस्तेमाल कर करंट से मौत का नकली दृश्य तैयार किया और इसे दुर्घटना बताकर पुलिस को सूचना दी।
हालांकि पोस्टमार्टम में गला दबाने के स्पष्ट संकेत मिलने के बाद पुलिस ने सख्ती से जांच की, जिससे सच्चाई सामने आ गई। दो साल पहले प्रेम विवाह करने वाले इस दंपति का एक छोटा बच्चा भी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
