पश्चिम बंगाल। विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एग्जिट पोल में बढ़त के संकेत मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने 2 मई को कोलकाता में बड़ी रणनीतिक बैठक बुलाने का फैसला किया है। यह बैठक 4 मई को आने वाले नतीजों से पहले अहम मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
साथ ही चुनाव के दौरान बंगाल में तैनात किए गए सांसदों, विधायकों और अन्य प्रमुख नेताओं को भी बुलाया गया है, ताकि नतीजों से पहले आगे की रणनीति तय की जा सके। एग्जिट पोल के अनुमानों में बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है, जिससे पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दावा किया है कि, बंगाल और असम दोनों राज्यों में बीजेपी की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि, जनता ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और पार्टी बड़े बहुमत के साथ आगे बढ़ रही है।
वहीं बीजेपी नेता राम कृपाल यादव ने भी भरोसा जताया कि, पार्टी पश्चिम बंगाल में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि, इस बार राज्य में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अब सभी की नजरें 4 मई पर टिकी हैं, जब चुनाव परिणाम सामने आएंगे और यह साफ हो जाएगा कि एग्जिट पोल के अनुमान कितने सही साबित होते हैं।
