छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: अलग-अलग हादसों में 2 की मौत, 5 घायल, हिट एंड रन के मामले बढ़े

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुए दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसों में तेज रफ्तार और लापरवाही मुख्य वजह सामने आ रही है।

जशपुर जिले में एक तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि, युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक्टिवा सवार युवक की जान चली गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

सरगुजा के उदयपुर क्षेत्र में कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुई इस दुर्घटना में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कोरबा में एक डॉक्टर के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर को कार ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने प्रदेश में यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।