छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा तेज, TS सिंह देव के समर्थन में पोस्टर वायरल; बोले- फैसले हाईकमान लेता है

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। आदिवासी नेता और पूर्व सांसद दीपक बैज के कार्यकाल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग सोशल मीडिया पर उठने लगी है। सरगुजा समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में टीएस सिंह देव के समर्थकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्टर साझा कर उन्हें कांग्रेस की प्रदेश कमान सौंपने की मांग की है। इन पोस्टरों में लिखा गया है कि जिन्होंने हर परिस्थिति में संगठन का साथ दिया, अब उनके अनुभव को नई जिम्मेदारी देने का समय है। समर्थकों ने “टीएस बाबा के नेतृत्व में मजबूत कांग्रेस” का नारा भी दिया है।

बताया जा रहा है कि आदिबाबा फैंस क्लब सरगुजा समेत कई स्थानीय नेताओं और समर्थकों ने इस मांग को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने रखा है। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि, टीएस सिंह देव ने इस पूरे मामले में संयमित प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल की कोई निश्चित समय सीमा तय नहीं होती। दीपक बैज को जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था, तब भी कार्यकाल की कोई अंतिम तारीख निर्धारित नहीं की गई थी। टीएस सिंह देव ने कहा कि संगठन से जुड़े सभी बड़े फैसले कांग्रेस हाईकमान द्वारा लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक किसी नेता को जिम्मेदारी दी गई है, वह अपना दायित्व निभाता रहेगा और बदलाव का निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करता है।

अपने नाम को लेकर उठ रही मांग पर सिंह देव ने कहा कि कई लोग अपनी भावनाएं व्यक्त कर देते हैं, लेकिन इस तरह के मामलों में सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट कई बार अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा करती हैं और संगठन के निर्णय लेने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं। फिलहाल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान के स्तर पर ही होना है। समर्थकों की मांग और संगठन की रणनीति के बीच अब सभी की नजरें कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।