मानसून की चाल सुस्त, गर्मी का कहर जारी; 5 दिन तक आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। जहां इस समय बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद थी, वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम के बदलते तेवर बने रहने की संभावना जताई है। कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं होने के कारण मानसून की प्रगति धीमी बनी हुई है। जून के 21 दिनों में प्रदेश में महज 32.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से काफी कम है। यही वजह है कि, अब तक कोई भी जिला सामान्य वर्षा के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है।

मौसम विभाग का कहना है कि, 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। वहीं अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हीट वेव जैसी स्थिति भी बन सकती है।

रविवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में सोमवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी और गरियाबंद जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।