रायपुर में चोरी, हादसे और अवैध शराब के छह मामले दर्ज

Follow Us

रायपुर। राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, सड़क हादसे और अवैध शराब से जुड़े छह मामले सामने आए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिग्नल बॉक्स से 99 हजार रुपये का विद्युत सामान चोरी
जयस्तंभ लाइन थाना क्षेत्र में खजाना चौक-कलेक्ट्रेट गार्डन के पास सिग्नल के लिए लगाए गए जंक्शन बॉक्स से अज्ञात चोर करीब 99 हजार रुपये का विद्युत सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में हार्डवेयर पीएमयू पैनल सेट, आइसोलेशन ट्रांसफार्मर, सिग्नल एर्कान बॉक्स, एसीडीसी चार्जर और 14 कोर पावर केबल शामिल हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मौदहापारा से बाइक चोरी
मौदहापारा थाना क्षेत्र में एसके प्लाजा के सामने से प्रमोद जायसवाल की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एचएस 5751 चोरी हो गई। बाइक की कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

हाईवा की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में तेल मंडी के पीछे तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार मनोज जायसवाल की मौत हो गई। हादसे में बाइक के पीछे बैठे पुष्पेंद्र साहू को चोट आई है। पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

तीन थाना क्षेत्रों में अवैध शराब जब्त
कोतवाली पुलिस ने बैरन बाजार स्थित छत्तीसगढ़ कॉलेज के पास एक आरोपी के कब्जे से 48 पाव अंग्रेजी शराब और बिक्री की 200 रुपये की रकम समेत कुल 5,760 रुपये का माल जब्त किया।टिकरापारा पुलिस ने देवार पारा के पास लालपुर से 36 पाव देशी शराब बरामद की, जिसकी कीमत 3,600 रुपये बताई गई है।वहीं, गोलबाजार पुलिस ने मटन मार्केट के सामने एक्टिवा से अवैध रूप से शराब ले जा रहे दो आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से सात बोतल, सात अद्धी अंग्रेजी शराब और दो बीयर समेत कुल 9,762 रुपये की शराब जब्त की गई।इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के महादेव तालाब पार रायपुरा से 37 पाव देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 3,700 रुपये है। सभी मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।