धमतरी पुलिस की चार जगहों पर एक साथ दबिश, काट-पत्ती जुआ खेलते 11 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अर्जुनी पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 5,520 रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर अर्जुनी पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम लिमतरा, परेवाडीह और कुरमातराई में कार्रवाई की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर 52 पत्ती ताश से काट-पत्ती जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार ग्राम लिमतरा में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहली कार्रवाई में तीन आरोपियों से 1,750 रुपये और दूसरी कार्रवाई में चार आरोपियों से 1,560 रुपये जब्त किए गए।

इसी तरह ग्राम परेवाडीह में बडऱा तालाब के सामने मुख्य मार्ग पर जुआ खेल रहे दो आरोपियों को पकड़कर 950 रुपये जब्त किए गए। वहीं ग्राम कुरमातराई में रंगमंच शेड के नीचे जुआ खेल रहे दो आरोपियों से 1,260 रुपये बरामद किए गए।

चारों मामलों में कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 5,520 रुपये नकद और प्रत्येक प्रकरण में 52 पत्ती ताश जब्त की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।