7 से 10 अगस्त तक बंद रहेगा सिद्धबाबा रेलवे फाटक, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

Follow Us

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने भाटापारा और हथबंद रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे समपार फाटक क्रमांक-385 (सिद्धबाबा गेट) को चार दिनों के लिए बंद रखने की घोषणा की है। रेलवे ट्रैक की मिडिल लाइन में आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते 7 अगस्त सुबह 9 बजे से 10 अगस्त शाम 6 बजे तक इस मार्ग से सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, भाटापारा–हथबंद रेलखंड के किलोमीटर 766/14-16 पर ट्रैक की सुरक्षा और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया, मालवाहक सहित सभी प्रकार के वाहनों और आम लोगों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

रेलवे ने बताया कि ट्रैक की मजबूती और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य आवश्यक है। मरम्मत के दौरान नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की गई है, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्य पूरा होते ही समपार फाटक को पुनः यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और यातायात विभाग भी वैकल्पिक मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी करेंगे।रेलवे ने लोगों से बंद फाटक को पार करने का प्रयास नहीं करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।