भीषण गर्मी का कहर: रायपुर समेत कई इलाकों में लू का खतरा, पारा चढ़ता जा रहा

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, और आने वाले दिनों में इसमें 3 डिग्री तक और इजाफा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 19 अप्रैल तक बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) चल सकती है।पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, अलग-अलग वायुमंडलीय प्रणालियों के सक्रिय होने से प्रदेश में गर्मी लगातार बढ़ रही है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण, राजस्थान से मणिपुर तक फैली द्रोणिका और दक्षिण भारत के ऊपर बने प्रति-चक्रवात के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके चलते तापमान में खास गिरावट की उम्मीद नहीं है। राजधानी रायपुर की बात करें तो शुक्रवार को यहां भी भीषण गर्मी रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे दिन के साथ रातें भी गर्म महसूस होंगी। वहीं बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की गरज-चमक की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।