सुसाइड से पहले गर्लफ्रेंड को भेजा वीडियो: कोरबा में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

कोरबा। जिले के कोरबा में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना CSEB चौकी क्षेत्र के 15 ब्लॉक इलाके की है, जहां 27 वर्षीय मनीष चंद्रा ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मनीष एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और लंबे समय से एक युवती के संपर्क में था। परिजनों का कहना है कि, युवक मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगा था। घटना के दिन जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो मनीष फंदे पर लटका मिला।

परिवार वालों ने बताया कि युवक का मोबाइल लॉक था, जिसे एक युवती से पासवर्ड लेकर खोला गया। मोबाइल की जांच में एक वीडियो मिला, जिसे मनीष ने आत्महत्या से पहले युवती को भेजा था। चैटिंग रिकॉर्ड भी पुलिस के हाथ लगे हैं। मृतक के परिजनों ने युवती पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मनीष अक्सर युवती को लेकर परेशान रहता था और उसके कहने पर ऑनलाइन सामान भी खरीदता था। मामले में राजेश तिवारी ने बताया कि, मोबाइल डेटा और वीडियो की जांच कराई जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।