बीजापुर में सुरक्षाबलों का बड़ा प्रहार: नक्सलियों के गुप्त डंप से 65 लाख कैश, हथियारों का जखीरा बरामद

Follow Us

बीजापुर। जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके गुप्त डंप और बंकरों का पर्दाफाश किया है। संयुक्त अभियान में करीब 65.52 लाख रुपये नकद, अत्याधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इस ऑपरेशन को बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और CRPF की टीमों ने मिलकर अंजाम दिया। एसपी डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि, पिछले एक महीने से जिले के संवेदनशील और अंदरूनी इलाकों में लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था।

ग्रामीणों से मिली सूचना और मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर जंगलों में छिपाए गए नक्सली ठिकानों तक सुरक्षाबल पहुंचे। कार्रवाई के दौरान 1 एलएमजी, 4 एसएलआर, 1 कार्बाइन, 5 .303 रायफल, 1 .315 रायफल, 5 सिंगल शॉट गन, 4 बारह बोर बंदूकें, 7 बीजीएल लॉन्चर और 1 पिस्टल समेत कुल 32 हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा सैकड़ों जिंदा कारतूस, मैग्जीन, एलएमजी बैरल और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई। सुरक्षाबलों ने पहले बरामद किए गए करीब 140 किलो अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया को भी सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किया। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से नक्सलियों की हथियार सप्लाई और आईईडी निर्माण क्षमता को बड़ा झटका लगा है। वर्ष 2024 से अब तक जिले में 234 नक्सली मारे जा चुके हैं, जबकि 1192 गिरफ्तार और 1003 ने आत्मसमर्पण किया है।