कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में 77वें संविधान दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन

Follow Us

०अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध भी जरूरी, जनता के बीच जाकर ही समझा जा सकता है लोकतंत्र: प्रो. मनोज दयाल

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में 77वें संविधान दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को ‘भारतीय लोकतंत्र और संविधान तथा मीडिया की भूमिका विषय पर एक विशेष संगोष्ठी एवं विमर्श का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने संवैधानिक मूल्यों, प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में मीडिया के उत्तरदायित्व पर गहन मंथन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने पत्रकारिता में नैतिकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक समझ विकसित करने के लिए विद्यार्थियों और पत्रकारों को जनता के बीच जाना होगा, ताकि उनकी समस्याओं और विचारों को करीब से जाना जा सके। संविधान सभा के अस्थायी अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा, स्थायी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. आंबेडकर के योगदान को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 19(1)(क) हमें वाक् एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है, लेकिन अनुच्छेद 19(2) के तहत लगाए गए औचित्यपूर्ण प्रतिबंधों का सम्मान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। प्रो. दयाल ने कहा कि किसी भी प्रकार का उल्लंघन अधिकारों के दायरे में नहीं आता। उन्होंने देश के विकास के लिए ‘पंच प्रण को जीवन में उतारने का आह्वान किया और विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे पहले समाचार पत्र और रेडियो जैसे विश्वसनीय माध्यमों से वास्तविक दुनिया को देखें, उसके बाद ही सोशल मीडिया पर भरोसा करें।

मुख्य अतिथि के बतौर उपस्थित विधि प्राध्यापक डॉ. भूपेंद्र करवंदे ने संविधान के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि प्रख्यात विधिवेत्ता डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी के प्रयासों से 26 नवंबर को पहले ‘विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई थी, जिसे बाद में ‘संविधान दिवस घोषित किया गया। उन्होंने प्राचीन भारतीय शासन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कौटिल्य के ‘अर्थशास्त्र और गुप्तकाल में कामंदक द्वारा रचित ‘नीतिशास्त्र का संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका का संविधान विश्व का पहला लिखित संविधान है, जबकि भारत का संविधान विश्व का सर्वश्रेष्ठ लिखित संविधान है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र जनता की राय से फलता-फूलता है, जिसे मीडिया आगे बढ़ाता है, लेकिन इस दौरान शिष्टाचार, सदाचार और न्यायालय की अवमानना जैसी मर्यादाओं का ध्यान रखना अनिवार्य है।

? इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि एक अच्छे पत्रकार को हर विषय का ज्ञान होना आवश्यक है, तभी वह तार्किक प्रश्न पूछ सकता है। भारतीय मीडिया के विकास क्रम पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासनकाल में प्रेस पर अनेक पाबंदियां लगाई गई थीं, लेकिन स्वतंत्र भारत में संविधान ने मीडिया को विकसित होने का सबसे मजबूत आधार प्रदान किया है। लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए संवाद की आजादी को जीवित रखना जरूरी है।

.https://amritsandesh.com/the-government-has-sought-a-response-from-netflix-regarding-a-pakistani-web-series-and-has-instructed-it-not-to-broadcast-the-content-in-india/

ज्ञातव्य है कि कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. ज्योति शर्मा ने किया तथा अंत में प्रबंधन के विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मंडावी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

केटीयू में ‘जनजाति गौरव माह-2026 का हुआ आयोजन
रायपुर। जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, स्वाभिमान, संघर्ष और आत्मसम्मान की गौरवशाली गाथाओं से समृद्ध है। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास तक जनजातीय समुदायों का योगदान अतुलनीय रहा है। आवश्यकता है कि उनके इतिहास, परंपराओं और योगदान को उचित स्थान देकर समाज के सामने प्रस्तुत किया जाए। यह बात जनजाति गौरव माह-2026 के अंतर्गत ‘जनजाति समाज का गौरवशाली अतीत विषय पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजीव शर्मा ने कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने की।

कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने कहा कि जनजातीय समाज की प्रकृति आधारित जीवनशैली, पारंपरिक ज्ञान और सामुदायिक चेतना भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक के दौर में जनजातीय भाषाओं, लोककलाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण की नई संभावनाएं विकसित हुई हैं। आधुनिक तकनीक का उपयोग जनजातीय समाज की पहचान और ज्ञान परंपराओं को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने में किया जाना चाहिए। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति और योगदान को शोध एवं अकादमिक विमर्श का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं।

छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड की अवसर परीक्षाएं 14 दिसंबर से, समय-सारिणी जारी

मुख्य अतिथि राजीव शर्मा ने कहा कि भारत में आठ प्रतिशत से अधिक आबादी जनजातीय समुदायों से संबंधित है और देश में 700 से अधिक जनजातीय समुदाय निवास करते हैं। जनजातीय समाज को समझने के लिए उसके इतिहास और संघर्षों को जानना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारी पाठ्यपुस्तकों में जनजातीय नायकों और उनके गौरवशाली इतिहास को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया है। स्वतंत्रता संग्राम में तिलका मांझी, रानी दुर्गावती और बिरसा मुंडा जैसे जनजातीय नायकों का योगदान अविस्मरणीय है। महाराणा प्रताप की सेना में शामिल पूंजा भील का योगदान भी इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करने के साथ जनजातीय समाज को संगठित कर सामाजिक चेतना और स्वाभिमान का संदेश दिया।

शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज की सामुदायिकता, परस्पर सहयोग और समानता की भावना उसकी विशिष्ट पहचान है। संकट के समय एक-दूसरे की सहायता करना इस समाज के जीवन मूल्यों में शामिल है। विकास की योजनाएं बनाने से पहले नीति-निर्धारकों को जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति, परंपराओं और वास्तविक समस्याओं को समझना होगा। उन्होंने जनजातीय लोककलाओं और परंपराओं को अध्ययन एवं शोध का हिस्सा बनाने तथा समाज की सही तस्वीर सामने लाने के लिए प्रामाणिक शोध, पुस्तक लेखन और प्रभावी दस्तावेजीकरण पर जोर दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अनुराग जैन ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि जनजातीय समाज हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। उनके जीवन मूल्य, परंपराएं और प्रकृति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण समाज को अनेक महत्वपूर्ण सीख देते हैं। जनजातीय समाज के प्रति सम्मान और गौरव का भाव रखते हुए उसकी संस्कृति एवं विरासत को संरक्षित करने के प्रयास किए जाने चाहिए।

धमतरी में 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान; पति से पूछताछ कर रही पुलिस

विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, समानता और सामाजिक चेतना का इतिहास है। संथाल विद्रोह जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों ने अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज की संगठित शक्ति को प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की अनेक परंपराओं में महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार और सम्मान प्राप्त रहा है। यह सामाजिक समानता और महिला सशक्तीकरण की ऐसी परंपरा है, जिससे आज का समाज भी प्रेरणा ले सकता है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योति शर्मा ने किया। अंत में प्रबंधन विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मंडावी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।