रतनपुर में साध्वी और नपं अध्यक्ष आमने-सामने, पद्मिनीपुरी ने लगाए गंभीर आरोप, लवकुश कश्यप ने मांगी निष्पक्ष जांच

Follow Us

बिलासपुर। रतनपुर में साध्वी पद्मिनीपुरी और नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप के बीच विवाद गहरा गया है। साध्वी ने एसएसपी को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि, नगर पंचायत अध्यक्ष ने उनकी छवि खराब करने की कोशिश की और भक्तों को उनके खिलाफ भड़काया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि, विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। साध्वी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से संरक्षण की मांग की है। साध्वी पद्मिनीपुरी का कहना है कि, वे उज्जैन में दीक्षा प्राप्त कर वर्तमान में चपोरा स्थित मठ में साधना कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, उनके धार्मिक कार्यों और मंदिर में निवास को लेकर लगातार विरोध किया जा रहा है।

वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि, साध्वी पहले भी लोगों को ब्लैकमेल कर विवाद खड़ा कर चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि, कई लोगों से समझौते के नाम पर रकम वसूलने के मामले सामने आए हैं और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि, दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।