रायपुर। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे प्रशासन ने रायपुर व भाटापारा स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान वर्ष 2025-26 में रेलवे अधिनियम की धारा 159 के तहत नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वाले 2,025 लोगों पर कार्रवाई की गई। वहीं धारा 144 के तहत स्टेशन और ट्रेनों में बिना अनुमति सामान बेचने वाले 1,780 अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों अभियानों में कुल 3,805 मामलों में कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्टेशन परिसर को अतिक्रमण, अवैध गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था से मुक्त रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। यात्रियों से भी रेलवे नियमों का पालन करने और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी RPF या रेलवे प्रशासन को देने की अपील की गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट जांच अभियान भी चलाया गया। सभी प्लेटफॉर्म और 14 ट्रेनों में की गई जांच के दौरान कुल 287 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 लाख 45 हजार 835 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जांच में बिना टिकट यात्रा करने वाले 191 यात्री पकड़े गए, जबकि अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 72 यात्रियों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा अधिक सामान लेकर यात्रा करने के 22 मामलों तथा गंदगी फैलाने और धूम्रपान के एक-एक मामले में भी जुर्माना लगाया गया। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए जांच और कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
