AIIMS रायपुर में 121 सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती, 16 अगस्त तक करें आवेदन

Follow Us

रायपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर में नौकरी करने के इच्छुक मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। AIIMS रायपुर ने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट (गैर-शैक्षणिक), ग्रुप-ए के 121 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए की जाएगी।

भर्ती में जनरल के 44, ओबीसी के 37, एससी के 20, एसटी के 13 और ईडब्ल्यूएस के 7 पद शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 16 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में MD/MS/DNB या डिप्लोमा जैसी पोस्टग्रेजुएट मेडिकल योग्यता होनी चाहिए। स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के लिए संबंधित विषय में MD/DNB और डेंटिस्ट्री के पदों के लिए संबंधित स्पेशियलिटी में MDS की योग्यता आवश्यक है।

अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

67,700 रुपये प्रतिमाह वेतन
उम्मीदवारों का चयन आवेदन की जांच, शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित/स्क्रीनिंग परीक्षा (यदि आवश्यक हो), इंटरव्यू और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।

चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार पे मैट्रिक्स लेवल-11 में 67,700 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य लाभ और भत्ते भी मिलेंगे।

आवेदन शुल्क
आवेदन के दौरान सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1,000 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं महिला, एससी, एसटी, PwBD और पूर्व-सैनिक अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।

16 अगस्त है अंतिम तारीख
सीनियर रेजिडेंट के इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 16 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को AIIMS रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी भर्ती अधिसूचना में योग्यता, विभागवार पद, आवेदन प्रक्रिया और अन्य शर्तों को ध्यान से देखना चाहिए।