राम कपूर ने ‘लॉकअप 2’ में खोला बचपन का दर्दनाक राज, बोले- 13 साल की उम्र में हुआ था शोषण

Follow Us

मुंबई। अभिनेता राम कपूर ने रियलिटी शो ‘लॉकअप सीजन 2’ में अपने बचपन से जुड़ा एक बेहद भावुक और निजी अनुभव साझा किया। शो में एलिमिनेशन से बचने के लिए सीक्रेट रिवील टास्क के दौरान राम कपूर ने बताया कि 13 साल की उम्र में उनके साथ शोषण हुआ था। उनकी बात सुनकर शो के कंटेस्टेंट्स और होस्ट फराह खान भी भावुक हो गए। राम कपूर ने बताया कि जब वह 8वीं कक्षा में पढ़ते थे, तब हॉस्टल में रहने के दौरान उनके साथ यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि स्कूल खत्म होने के बाद छात्रावास में बच्चे साथ बैठकर बातें करते थे। इसी दौरान 10वीं कक्षा के एक छात्र ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। राम ने बताया कि उस समय वह डर और सदमे की वजह से कुछ समझ नहीं पाए और काफी देर तक चुप रहे।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह काफी बदल गए थे। वह शांत रहने लगे और लंबे समय तक मानसिक तनाव से गुजरे। हालांकि, कुछ हफ्तों बाद उस व्यक्ति ने उनसे माफी मांगी और अपनी गलती पर पछतावा जताया। राम कपूर ने यह भी बताया कि यह अनुभव उनके लिए बेहद कठिन था, लेकिन समय के साथ उन्होंने इससे उबरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह बात उनके माता-पिता और बच्चों को भी नहीं पता थी, सिर्फ उनकी पत्नी गौतमी कपूर इस बारे में जानती थीं। अभिनेता ने कहा कि आज भी इस घटना को याद करने पर दर्द महसूस होता है, लेकिन इस अनुभव ने उन्हें लोगों को समझने और जिंदगी को अलग नजरिए से देखने में मदद की। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के बाद उनके मन में किसी समुदाय या व्यक्ति के प्रति डर नहीं रहा और उन्होंने लोगों को समझने की कोशिश की।

राम कपूर ने यह भी स्पष्ट किया कि उस समय दोनों ही कम उम्र के थे और बाद में उस व्यक्ति ने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि ऐसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए, लेकिन इस अनुभव ने उन्हें जीवन की अहम सीख दी। वहीं, ‘लॉकअप सीजन 2’ में इस हफ्ते डबल एलिमिनेशन देखने को मिला। शो से सुनीता आहूजा और रियाज बाहर हो गए। सुनीता ने स्वास्थ्य कारणों से शो छोड़ने का फैसला लिया, जबकि रियाज कम वोट मिलने के कारण एलिमिनेट हुए। इस दौरान श्रेया कालरा सुरक्षित रहीं।