मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी! आधी रात की कॉल से मचा हड़कंप, जांच में निकली अफवाह

Follow Us

मुंबई। मुंबई में रविवार तड़के एक धमकी भरे फोन कॉल ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। एक अज्ञात कॉलर ने दावा किया कि मशहूर ताज होटल में बम रखा गया है। सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और तुरंत जांच अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक, यह कॉल देर रात नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आई थी। कॉलर ने होटल को लेकर गंभीर खतरा बताया, जिसके बाद कोलाबा पुलिस, क्राइम ब्रांच और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा टीमों ने होटल परिसर के हर हिस्से की गहन जांच की। कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच के बाद धमकी भरा कॉल फर्जी साबित हुआ।

इसके बाद पुलिस ने कॉल करने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला है कि ,यह कॉल मुंबई के तुर्भे इलाके से की गई थी। पुलिस तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। गौरतलब है कि, 26/11 आतंकी हमले के बाद ताज होटल की सुरक्षा बेहद मजबूत कर दी गई है। किसी भी धमकी को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से लेती हैं और तुरंत कार्रवाई करती हैं।