रायपुर। ए-1 श्रेणी में शामिल रायपुर रेलवे स्टेशन शनिवार को मानसून की पहली तेज बारिश में ही बदहाल नजर आया। शाम करीब 5 बजे हुई मूसलाधार बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के शेड से झरने की तरह पानी टपकने लगा। छत के नीचे खड़े यात्री भीगने लगे, जिससे प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बारिश से बचने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे लोग अपना सामान लेकर सूखी जगह की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आए। वहीं प्लेटफॉर्म पर जलभराव और लगातार टपकते पानी के कारण यात्रियों को आवाजाही में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुछ ही देर की बारिश में स्टेशन की बदहाल व्यवस्था सामने आने पर कई यात्रियों ने शेड से टपकते पानी और अव्यवस्था का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। देखते ही देखते ये वीडियो वायरल हो गए और रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे।
बारिश का असर गुढ़ियारी अंडरब्रिज में भी देखने को मिला, जहां पानी भर जाने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत हुई। शाम से देर रात तक यातायात प्रभावित रहा और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्रियों की शिकायतों के बाद रेलवे की ओर से जवाब भी दिया गया। रेलवे ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पहली ही बारिश में ‘पानी-पानी’ हुआ रायपुर रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म टपका, अंडरब्रिज डूबा; X पर रेलवे ने दिया जवाब
