दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने नक्सलियों द्वारा जंगल और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्रियों का जखीरा बरामद किया है। बरामद सामग्री में एके-47 राइफल, ग्रेनेड, बीजीएल लॉन्चर बंदूक और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 नवंबर को थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम वाकेली के जंगल और 18 नवंबर को ग्राम बुरदुम के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान चलाया।
18 नवंबर को दोपहर करीब 4 बजे ग्राम वाकेली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप मिला। यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा, उप पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ रेंज दंतेवाड़ा और पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। इसमें जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें शामिल थीं।
एके-47 और ग्रेनेड समेत हथियार बरामद
सुरक्षा बलों ने मौके से एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, 25 एके-47 राउंड, एक देसी ग्रेनेड, एक .303 राइफल, दो बीजीएल लॉन्चर बंदूक, एक .315 बोर बंदूक, एक भर्मार बंदूक, 34 .303 राउंड, 28 बीजीएल राउंड, सात बीजीएल सेल, एक वॉकी-टॉकी सेट, पांच मीटर कोडेक्स वायर, एक कुकर बम और एक टॉकी सेट चार्जर बरामद किया है।
पुलिस ने बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्रियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
