अनियंत्रित होकर 150 फीट दूर खेत में जा गिरी मारुति सेलेरियो, कार के उड़े परखच्चे

Follow Us

राजिम। राजिम क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां मारुति सुजुकी सेलेरियो कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 फीट दूर जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार एक खेत को पार करते हुए दूसरे खेत में जा गिरी और कार के परखच्चे उड़ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में दो व्यक्ति सवार थे, जो बाहर घूमने के बाद अपने घर टेका वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान अचानक कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क किनारे से उतरकर खेत में जा घुसी। तेज रफ्तार के कारण कार करीब 150 फीट दूर तक घसीटती हुई चली गई। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार दोनों व्यक्ति पूर्व सरपंच प्रतिनिधि एवं उपसरपंच रह चुके हैं। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला।

इसके बाद 112 के माध्यम से घायलों को इलाज के लिए राजिम रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किस कारण हुआ, तेज रफ्तार, चालक को नींद आना या किसी अन्य कारण से कार अनियंत्रित हुई। इधर, हादसे की खबर मिलते ही टेका गांव सहित आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजन और ग्रामीण राजिम अस्पताल पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।