पहली ही बारिश में निगम की खुली पोल, घरों और मोहल्लों में तीन फीट तक भरा पानी; अधिकारियों से तत्काल राहत कार्य के दिए निर्देश अरुण वोरा

Follow Us

दुर्ग। पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि, कल रात से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के अनेक क्षेत्रों में जलभराव और अन्य समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि, पहली ही बारिश में नगर निगम की तैयारियों की पोल खुल गई। कई स्थानों पर घरों और मोहल्लों में लगभग तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

इसी क्रम में अरुण वोरा ने आज सुबह से नगर निगम के अधिकारियों के साथ उरला वार्ड क्रमांक 57, राम नगर, आईएचएसडीपी (IHSDP) कॉलोनी, साईं नगर, शंकर नगर सहित कई प्रभावित इलाकों का दौरा कर जलभराव, नालियों की स्थिति एवं नागरिकों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम आयुक्त एवं कलेक्टर से भी चर्चा कर जल निकासी, नालों की सफाई तथा आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मोह. शरीफ खान, दुर्ग जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष विकास सापेकर एवं कांग्रेस नेता सुधीर चंदेल भी उपस्थित रहे। सभी ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान की मांग की। अरुण वोरा ने कहा कि, उरला वार्ड क्रमांक 57, राम नगर, आईएचएसडीपी कॉलोनी, साईं नगर, शंकर नगर सहित शहर के कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाने, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।