रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर ने बकाया कर वसूली अभियान के तहत टैक्स नहीं चुकाने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई परिसरों को सील किया। कार्रवाई के दौरान एक बकायेदार से मौके पर ही बकाया राशि जमा कराई गई।नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन-9 आयुक्त राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में जोन-9 की राजस्व टीम ने मेग्नेटो मॉल, मोती महल और विजय नगर चौक क्षेत्र में संपत्ति कर वसूली अभियान चलाया।
अभियान के दौरान वीआईपी चौक स्थित मोती महल में निकिता जाजोदिया और कविता स्वर्णकार की संपत्तियों को बकाया कर जमा नहीं करने पर सील कर दिया गया। वहीं मेग्नेटो मॉल स्थित एक संपत्ति के सीलिंग की कार्रवाई के दौरान 52,091 रुपये का बकाया कर मौके पर ही जमा कराया गया।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि करों की अदायगी नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ नोटिस जारी करने के बाद सीलिंग और नल विच्छेदन जैसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निगम ने नागरिकों से समय पर कर जमा कर दंडात्मक कार्रवाई से बचने की अपील की है।
