रायपुर । राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी, मारपीट, अवैध शराब और चाकूबाजी के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं खमतराई इलाके में सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
० चाकू दिखाकर मोबाइल लूटा
टिकरापारा थाना क्षेत्र के दूधाधारी मंदिर के सामने मठपारा में 11 सितंबर को चंदन दहिया से लूटपाट की गई। शिकायत के मुताबिक लवकुश जोशी और उसके दो साथियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद चाकू दिखाकर जेब में रखा करीब 10 हजार रुपए कीमत का वीवो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
० घड़ी चौक के पास 65 हजार की चोरी
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घड़ी चौक के पास अज्ञात चोर ने शशिकांत साहू समेत अन्य लोगों की जेब से नगदी और सामान पार कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 65,200 रुपए बताई गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
० निर्माणाधीन मकान से 75 हजार का सामान चोरी
खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना स्थित रावण तालाब के पास निर्माणाधीन मकान के स्टोर रूम का ताला तोड़कर चोरों ने कॉपर तार, सबमर्सिबल पंप, पांच सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 75 हजार रुपए है।
० बस की चपेट में आने से महिला की मौत
खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी दुर्गा मंदिर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे वाहन के कारण सड़क हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार साधना तिवारी (35) इलेक्ट्रिक स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान अनियंत्रित होकर गिरने के बाद पीछे से आ रही बस से टकरा गईं। हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
० अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार
उरला पुलिस ने साईं इंडस्ट्रीज के पास रूपेश वर्मा के कब्जे से 31 पाव देशी शराब बरामद की। शराब की कीमत 3,100 रुपए बताई गई है। वहीं टिकरापारा पुलिस ने सरजू बांधा तालाब के पास संजू धीवर के कब्जे से 15 पाव देशी शराब और बिक्री की रकम 200 रुपए जब्त की। दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
० शहर में चार जगह चाकू लेकर घूमते मिले युवक
मौदहापारा, कोतवाली और आमानाका थाना क्षेत्रों में चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करने के आरोप में पांच मामले दर्ज किए गए। मौदहापारा पुलिस ने मेकाहारा अस्पताल के पास, कोतवाली पुलिस ने रंग मंदिर-गांधी मैदान क्षेत्र में तथा आमानाका पुलिस ने टाटीबंध रिंग रोड, छट तालाब टाटीबंध और रेती खोली चंदनडीह क्षेत्र में आरोपियों को पकड़ा। सभी के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
