रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में हुई मंत्रियों की बैठक को लेकर कांग्रेस द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों का भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि विस्फोटक स्थिति सरकार में नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर बनी हुई है और पार्टी को यह बताना चाहिए कि उसके नेता लगातार पार्टी क्यों छोड़ रहे हैं। मीडिया से चर्चा करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री की ओर से नियमित रूप से बैठकें आयोजित की जाती हैं और यह भी एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेवजह राजनीतिक बयानबाजी कर रही है। 21 जून को राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी अजय चंद्राकर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शायद राहुल गांधी के स्वागत की तैयारी कर रही होगी, जैसे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा के दौरे के दौरान की गई थी। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल गांधी संभवतः भूपेश बघेल को हार की बधाई देने आ रहे हैं, क्योंकि जहां-जहां भूपेश बघेल जाते हैं, वहां कांग्रेस को चुनावी हार का सामना करना पड़ता है।
कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को प्रशिक्षण की जरूरत क्यों पड़ रही है, यह कांग्रेस ही बेहतर बता सकती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के रणनीतिकार लगातार हार के परिणाम ही दे रहे हैं। शराब की ओवररेटिंग के मुद्दे पर अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को इस विषय पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने शासनकाल में विभिन्न भ्रष्टाचार के मामलों से जुड़ी रही है। वहीं, कांग्रेस नीत इंडिया गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन में भगदड़ की स्थिति है और कांग्रेस को जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की वर्तमान स्थिति जनता के सामने है और पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है।
