रायपुर में चोरी और झपटमारी की वारदातें, सूने मकान से 7.50 लाख के जेवर-नकदी पार

Follow Us

रायपुर । राजधानी में चोरी, झपटमारी और अवैध गतिविधियों के मामले सामने आए हैं। खमतराई थाना क्षेत्र के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और पांच लाख रुपये नकद सहित कुल 7.50 लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। वहीं मुजगहन में मकान में घुसकर जेवरात, नकदी और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया गया। सरस्वती नगर में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने महिला के हाथ से मोबाइल झपट लिया।

० सूने मकान से 7.50 लाख की चोरी
खमतराई थाना क्षेत्र के शुक्रवार बाजार, बंजारी नगर, रावांभाठा निवासी सीताराम गुप्ता के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। अज्ञात आरोपी मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा पांच लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने नकबजनी का मामला दर्ज किया है।

० महिला के हाथ से मोबाइल झपटकर फरार
सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के साइंस कॉलेज परिसर में एक नवंबर की रात करीब 11:15 बजे नसीम सिद्दीकी खाना खाने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए टहल रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक पीछे से पहुंचे और उनके हाथ से मोटोरोला कंपनी का 15 हजार रुपये कीमत का मोबाइल झपटकर फरार हो गए।

० मुजगहन में छत के रास्ते घर में घुसे चोर
मुजगहन थाना क्षेत्र के शुभ विहार, कंदुल में पोषण लाल साहू के मकान में चोर छत के रास्ते प्रवेश कर गए। आरोपियों ने आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, 30 हजार रुपये नकद और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है।

० जुआ खेलते तीन आरोपी गिरफ्तार
खमतराई थाना पुलिस ने रावांभाठा के दुर्गा चौक में जुआ खेलते हुए आशीष वर्मा, प्रदीप वर्मा सहित तीन लोगों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 11,050 रुपये नकद जब्त किए गए।

० 35 पाव देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
डीडी नगर थाना पुलिस ने कुरी तालाब के पास कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र कुमार कुर्रे को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 35 पाव देशी शराब, जिसकी कीमत करीब 3,500 रुपये है, जब्त की गई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।