राजनांदगांव। डोंगरगढ़ भाजपा मंडल को भंग किए जाने के फैसले से नाराज सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने रविवार शाम विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। मंडल अध्यक्ष जसमीत बन्नोआना, नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, उपाध्यक्ष, पार्षदों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्पीकर हाउस पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने डोंगरगढ़ मंडल को भंग किए जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि संगठन के अंदरूनी विवाद में पांच नेताओं को निष्कासित किया गया, लेकिन मंडल की ओर से किसी तरह की गलती नहीं होने के बावजूद पूरे मंडल को भंग कर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि मंडल को विश्वास में लिए बिना लिया गया यह फैसला उचित नहीं है और उन्होंने डोंगरगढ़ मंडल को दोबारा बहाल करने की मांग रखी।
बताया गया कि डॉ. रमन सिंह ने डोंगरगढ़ से पहुंचे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की पूरी बात सुनी और उन्हें आश्वासन दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने संगठन के अजय जामवाल और पवन साय से चर्चा के लिए समय लेने की बात कही। इस चर्चा में डोंगरगढ़ के 10 से 15 प्रतिनिधियों को भी अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद संगठन स्तर पर सभी पक्षों से चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। पदाधिकारियों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष ने डोंगरगढ़ मंडल के मामले में उचित समाधान का भरोसा दिया है। गौरतलब है कि डोंगरगढ़ भाजपा में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान और सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप के बीच पांच नेताओं को पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद मंडल को भंग कर दिया गया था। अब मंडल की बहाली की मांग को लेकर पदाधिकारियों की यह मुलाकात संगठन के फैसले पर आगे की कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
